उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़

कर्णप्रयाग के सिमली के पास 13 अगस्त की रात अचानक लापता 108 कर्मी, एसपी से लगाई मदद की गुहार

गोपेश्वर ,15 अगस्त 2025

आपातकालीन सेवा 108 में तैनात कर्मचारी तीन दिन से लापता है। परिजन और उसके साथ काम करने वाले उसे लगातार तलाश कर रहे हैं, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। 13 अगस्त की रात मरीज को लेकर जाते समय वह कर्णप्रयाग के सिमली के पास से लापता हो गया था। इसे लेकर कर्मचारी के परिजन और काम करने वाले अन्य स्टाफ कर्मी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे वहां अवकाश होने पर उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपा।

जानकारी के अनुसार 108 में तैनात ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नी​शियन) गौरव कुमार (22) पुत्र कुलदीप कुमार निवासी बगवान कनोठ 13 अगस्त की रात बारिश के बीच रेफर मरीज को थराली से श्रीनगर लेकर जा रहे था। सिमली के नजदीक गदेरे के पास मार्ग बंद हो रखा था। बारिश के बीच गौरव मार्ग देखने के लिए निकला, लेकिन काफी देर बाद भी वापस नहीं आया। काफी देर तक गौरव का पता नहीं चलने पर 108 चालक ने इसकी सूचना अपने स्टाफ को दी। उसके बाद कर्णप्रयाग से अन्य एंबुलेंस से मरीज को रेफर किया गया, लेकिन गौरव का कुछ पता नहीं चल पाया।


शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंची गौरव की बुआ सरिता चौहान ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि सिमली के पास कोई गाड़ी फंसी थी। जिसे निकालने के लिए लोग धक्का लगा रहे थे। गौरव भी गाडी को धक्का लगाने के लिए गया था। आशंका जताई जा रही है कि वहां पर वह खाई में गिर गया और नीचे बह रही आटागाड़ में उसके बहने की आशंका जताई जा रही है। कलेक्ट्रेट में अवकाश होने के चलते वह एसपी कार्यालय गए और ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने गौरव का पता लगाने की गुहार लगाई। गौरव घर का इकलौता बेटा है उसकी छोटी बहन है। पिता हार्ट के मरीज हैं। बेटे के लापता होने की सूचना के बाद से माता-पिता और उसकी छोटी बहन बहुत चिंतित हैं। गांव के लोग बृहस्पतिवार और शुक्रवार को लगातार घटनास्थल के साथ ही अन्य जगह पर उसकी तलाश कर रहे हैं। लेकिन अभी तक गौरव का कुछ पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल पर खाई से गौरव का छाता भी बरामद हुआ है।
कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले 108 कर्मियों में राहुल, हरीश, भुपेश, दिपेंद्र, अमित, जयेंद्र, केशव, प्रदीप, रजनी, मंजू, सुरेंद्र, राकेश, ताजबर, तरुण आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!