
चमोली, 3 अक्टूबर 2025
गढ़वाल लोकसभा सांसद माननीय अनिल बलूनी के द्वारा केंद्र सरकार को प्रेषित पत्र के माध्यम से अनुरोध किये जाने पर गाँव रविग्राम तहसील ज्योतिर्मठ में ‘मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम’ के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। यह स्टेडियम क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को उजागर करने और उन्हें निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, यह पहल खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों को नई गति प्रदान करेगी।
इसके साथ ही दूरस्थ सैनिक बाहुल्य गाँव सवाड़ को केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिली है। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के प्रयास से इस विद्यालय की मंजूरी केंद्रीय कैबिनेट ने दी है। सवाड़ में केवी खुलने से दूरस्थ क्षेत्र के बच्चों को लाभ मिलेगा।
सवाड़ गांव सैन्य बाहुल्य गांव है। इस गांव के हर परिवार का सदस्य सेना में है। यही नहीं प्रथम विश्व युद्ध में यहां के 22 सैनिकों ने प्रतिभाग किया। बलिदानियों की स्मृति में यहां सरकार ने एक करोड़ से अधिक
लागत का स्मृति केंद्र बनाया है। साथ ही बलिदानियों की स्मृति में हर वर्ष यहां अमर शहीद सैनिक मेले का आयोजन होता है।
वर्ष 2019 में तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ग्रामीणों की मांग पर यहां केवी खोलने की घोषणा की थी। इस पर ग्रामीणों ने केवी के लिए अपनी 100 नाली भूमि दी।
ग्रामीण लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति की मांग कर रहे थे। केवी स्कूल स्वीकृत होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने आभार जताया।




