उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष ने अधिकारियों की ली बैठक, पर्यावरण मित्रों की समस्याओं का निस्तारण के दिए निर्देश

चमोली 18 अक्टूबर 2025

उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) श्री भगवत प्रसाद मकवाना ने शनिवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सरकारी योजनाओं के प्रति गंभीरता से कार्य करने और स्वच्छता कर्मियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इससे पूर्व जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार व मुख्य विकास अधिकारी डा. अभिषेक त्रिपाठी ने राज्यमंत्री का स्वागत किया।

बैठक के दौरान श्री मकवाना ने बिना तैयारी के पहुंचे अधिकारियों को फटकार लगाते हुए, बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के मुख्य विकास अधिकारी डा. अभिषेक त्रिपाठी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सफाई कर्मचारियों के उत्थान एवं स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं के क्रियांवयन को लेकर गंभीरता से कार्य करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने मैन्युअल स्कैवेंजर्स की सर्वे रिपोर्ट नियमित रूप से भेजने व सर्वे रिपोर्ट को वास्तविकता के अनुसार अद्यतन करने की बात कही। साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। श्री मकवाना ने ठेकेदारों को चेतावनी दी कि कर्मचारियों का बीमा और सुरक्षा उपकरण सुनिश्चित किए जाएं।उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी नगर पालिकाओं में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर आउटसोर्स कर्मचारियों के आयुष्मान कार्ड तथा स्थायी कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड शीघ्र बनवाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई कर्मचारी उच्च जोखिम का कार्य करते हैं, इसलिए उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, वर्दी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। श्री मकवाना ने सभी नगर पालिकाओं में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को 500 रुपए प्रतिदिन के मानदेय का भुगतान एक माह के भीतर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों का सम्मान और सुरक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर श्री संदीप सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिषेक त्रिपाठी, राष्ट्रीय वाल्मिकी क्रांतिकारी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री जयपाल सिंह टांक, जिला अध्यक्ष श्री राजीव पंवार, नगर अध्यक्ष पीपलकोटी श्री रोहित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, पुलिस क्षेत्राधिकारी चमोली श्री मदन सिंह बिष्ट, शहरी विकास विभाग के अधिशासी अधिकारी श्री हेमंत चौहान, जल संस्थान के श्री जगदीश सिंह पंवार, तथा गोपेश्वर, जोशीमठ, थराली, पीपलकोटी और पोखरी नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!