
चमोली, 26 सितम्बर 2025
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, पटेल नगर, देहरादून एवं श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, गैरसैंण के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 11 अक्टूबर 2025 (शनिवार) को प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, गैरसैंण परिसर में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।इस शिविर में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, पटेल नगर, देहरादून के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा विभिन्न बीमारियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान करेगी। साथ ही, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर का उद्देश्य दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र के लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना, उन्हें रोगों की प्रारंभिक पहचान कर समय पर उपचार हेतु जागरूक करना तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विद्यालय के छात्र-छात्राएँ एवं अध्यापक भी लाभान्वित होंगे। जिलाधिकारी ने जनपद के अधिक से अधिक लोगों से इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।




