
पीपलकोटी, चमोली। 14 सितंबर 2026
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की 444 मेगावाट विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में 14 सितंबर को हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर हिंदी पखवाड़े का भी विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (बांध) आर.पी. मिश्रा, महाप्रबंधक (विद्युत यांत्रिक) आर.एस. राणा एवं विभिन्न विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक प्रबंधक (जनसंपर्क) एवं राजभाषा अधिकारी (अतिरिक्त प्रभार) अविनाश कुमार ने अतिथियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने 14 से 30 सितंबर तक आयोजित होने वाले हिंदी पखवाड़े के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा कर्मचारियों से इनमें सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
मुख्य अतिथि आर.पी. मिश्रा ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग का हिंदी दिवस के अवसर पर जारी संदेश उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक एवं भावनात्मक एकता को मजबूत करने वाली भाषा भी है। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों, टिप्पणियों, पत्राचार एवं अन्य आधिकारिक गतिविधियों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

महाप्रबंधक आर.एस. राणा ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने हिंदी के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके व्यावहारिक प्रयोग से होती है।
हिंदी पखवाड़े के तहत कर्मचारियों की रचनात्मकता और हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 15 सितंबर को हिंदी अनुवाद, 16 सितंबर को नोटिंग-ड्राफ्टिंग, 18 सितंबर को राजभाषा हिंदी प्रश्नोत्तरी, 22 सितंबर को शुद्ध लेख एवं शुद्ध वाक्यांश तथा 23 सितंबर को हिंदी निबंध प्रतियोगिता शामिल हैं। इसके अलावा 24 सितंबर को हिंदी कार्यशाला और 25 सितंबर को हिंदी कार्यान्वयन समिति की बैठक होगी। पखवाड़े का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण 30 सितंबर को किया जाएगा।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा संबंधी कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




