उत्तराखंडटॉप न्यूज़

महिला दिवस की पूर्व संध्या पर श्रीनगर में 30 महिलाओं का सम्मान, महिला चक्रव्यूह मंचन रहा आकर्षण का केंद्र

श्रीनगर गढ़वाल, 07 मार्च 2026

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम श्रीनगर द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 30 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्य, शिक्षा, राजनीति, स्वरोजगार, स्वास्थ्य तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

महापौर आरती भंडारी ने जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस भदौरिया को “अलकनंदनी” प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।

इसके साथ ही नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम की महिला पार्षदों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के उपरांत माँ नंदा महिला रामलीला मांगल योग समिति द्वारा “महिला चक्रव्यूह” का प्रभावशाली मंचन किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इस मंचन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया गया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, खेल, उद्यमिता और सामाजिक नेतृत्व सहित हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है। इसलिए महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज के विकास में अहम भूमिका निभा सकें।

महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम श्रीनगर महिलाओं के सम्मान और उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। महिलाओं को स्वरोजगार, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक विकास से जोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं और महिलाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

महापौर ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनके कार्य अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और आने वाली पीढ़ी को भी आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम भविष्य में भी महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज और शहर के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।

नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने कहा कि नगर निगम श्रीनगर महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से महिला पर्यावरण मित्र नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में प्रतिदिन महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं, जिसके लिए वे प्रशंसा की पात्र हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!