उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

गौचर प्रेस क्लब कार्यालय का शुभारंभ, पदाधिकारियों को दिलाई गई पद एवं गोपनीयता की शपथ

पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने प्रेस क्लब के भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन, वरिष्ठ पत्रकार सम्मानित

गौचर (चमोली), 21 अक्टूबर 2026

रिपोर्ट संदीप कुमार 

जनपद चमोली के गौचर में पंजीकृत प्रेस क्लब के कार्यालय का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने भविष्य में प्रेस क्लब भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रेस क्लब कार्यालय के लिए नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने एक कक्ष उपलब्ध कराया है। बुधवार को उन्होंने रिबन काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद पालिका सभागार में प्रेस क्लब के संरक्षक चंद्रवीर गायत्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने क्लब के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मुख्य अतिथि पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि उनके कार्यकाल में गौचर प्रेस क्लब का गठन होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में प्रशासन के सहयोग से प्रेस क्लब के भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने कहा कि पत्रकार शासन-प्रशासन के आंख-कान होते हैं और उनके सम्मान में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। वहीं, पूर्व पालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी ने प्रेस क्लब के गठन को गौचर की पहचान प्रदेश और देश स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने उम्मीद जताई कि गौचर के पत्रकार पत्रकारिता के क्षेत्र में नई पहचान बनाएंगे और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाएंगे। प्रेस क्लब के मुख्य सलाहकार दिग्पाल गुसाईं ने कहा कि पत्रकारों की पहचान उनके पद से नहीं, बल्कि उनके व्यवहार और कार्यशैली से बनती है।

प्रेस क्लब के संरक्षक चंद्रवीर गायत्री ने क्लब को देहरादून प्रेस क्लब से जोड़ने की बात कही, ताकि गौचर के पत्रकारों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम का संचालन डीडी न्यूज़ के पत्रकार भानु प्रकाश नेगी ने किया, जबकि प्रेस क्लब अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार एलपी लखेड़ा और दिग्पाल गुसाईं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत, सुनील पंवार, राजेंद्र मैखुरी, राजेंद्र सिंह नेगी, महावीर रावत, सुरेंद्र सिंह गढ़िया, गजेंद्र नयाल, मदन मैखुरी , प्रदीप चौहान,सहित कई गणमान्य लोग और पत्रकार मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!