
गोपेश्वर। 11 नवंबर 2026
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट ने कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने नंदप्रयाग-घाट में स्थानीय लोगों द्वारा महेंद्र भट्ट की पिटाई किए जाने संबंधी दावे को निराधार बताते हुए हरक सिंह रावत से इसके प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग की है।
बिष्ट ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी वरिष्ठ जननेता की प्रतिष्ठा को निशाना बनाना और बिना प्रमाण गंभीर आरोप लगाना स्वस्थ राजनीति का परिचायक नहीं है। हरक सिंह रावत लंबे समय तक सत्ता में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। ऐसे में उनसे राजनीतिक परिपक्वता और सार्वजनिक बयानों में अधिक जिम्मेदारी की अपेक्षा की जाती है। यदि उनके पास महेंद्र भट्ट की पिटाई से संबंधित कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करें, अन्यथा अपने बयान पर स्थिति स्पष्ट करें।
उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट ने अपने सार्वजनिक और संगठनात्मक जीवन में राजनीतिक शुचिता, सामाजिक मर्यादा और जनसेवा को प्राथमिकता दी है। ऐसे में उनके खिलाफ बिना प्रमाण टिप्पणी करना राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है।
जैनी प्रकरण पर भी उठाए सवाल
रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि महेंद्र भट्ट पर आरोप लगाने वाले हरक सिंह रावत को पहले अपने ऊपर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने जैनी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि असम से उत्तराखंड पहुंचीं जैनी ने वर्ष 2003 के घटनाक्रम को लेकर हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जैनी ने तत्कालीन पुलिस कार्रवाई, अपने साथ हुए कथित व्यवहार और मामले को समाप्त किए जाने की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उनके बेटे का डीएनए परीक्षण नहीं कराया गया।
बिष्ट ने कहा कि जैनी वर्षों बाद न्याय की मांग कर रही हैं और डीएनए परीक्षण के लिए अपनी सहमति भी जता रही हैं। ऐसे संवेदनशील मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत यदि स्वयं को निर्दोष मानते हैं तो उन्हें जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करना चाहिए और डीएनए परीक्षण सहित कानूनी रूप से अनुमन्य जांच के संबंध में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
गणेश गोदियाल से भी मांगा जवाब
भाजपा नेता ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से भी जैनी प्रकरण पर पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी प्रकरण में महिला सम्मान और न्याय की बात करती रही है। ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेता पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर भी कांग्रेस को अपना आधिकारिक पक्ष सार्वजनिक करना चाहिए।
बिष्ट ने कहा कि महिला सम्मान किसी राजनीतिक दल की सुविधा या राजनीतिक लाभ का विषय नहीं होना चाहिए। यदि कांग्रेस वास्तव में महिलाओं के सम्मान और न्याय के प्रति प्रतिबद्ध है तो उसे जैनी प्रकरण में भी निष्पक्ष जांच की मांग करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक ओर महिला सम्मान के नाम पर राजनीतिक आंदोलन करना और दूसरी ओर अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता पर लगे आरोपों को लेकर चुप्पी साधना राजनीतिक नैतिकता पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत कभी मुख्यमंत्री तो कभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाकर बयान देते हैं। राजनीति में पद और अनुभव के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है। नेताओं को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विकास, जनहित और जनसमस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
बिष्ट ने स्पष्ट किया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के सम्मान और संगठन की गरिमा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मर्यादाओं में रहते हुए तथ्यों के आधार पर हर आरोप का जवाब देने में सक्षम हैं।
उन्होंने दो टूक कहा कि हरक सिंह रावत को नंदप्रयाग-घाट में महेंद्र भट्ट की पिटाई किए जाने संबंधी दावे के प्रमाण देने चाहिए और जैनी प्रकरण में उठ रहे सवालों पर भी अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उत्तराखंड की राजनीति में अनर्गल बयानबाजी के बजाय पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।




