उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़

गौचर में पहली बार अलकनंदा तट पर हुई भव्य गंगा आरती, भक्तिमय हुआ माहौल

गौचर।

रिपोर्ट संदीप कुमार

चमोली जिले के गौचर में पहली बार अलकनंदा नदी के तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। रघुनाथ मंदिर के समीप आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन के बीच पूरा अलकनंदा तट भक्तिमय हो उठा।

सभासद विनीत रावत की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का सहयोग मिला। कार्यक्रम में सभी वार्डों के महिला मंगल दलों, कीर्तन मंडलियों और मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की जिला अध्यक्ष बीना भंडारी, प्रांत अध्यक्ष चिंतामणि सेमवाल, बजरंग दल के नगर संयोजक दीपक गौर, जिला संयोजक शुभम बुटोला, प्रकाश गौड़ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि अलकनंदा तट पर होने वाली इस गंगा आरती को गौचर मेले का भी अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। इससे क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलने के साथ ही पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकेगा।

सभासद विनीत रावत ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ा नहीं, बल्कि गौचर की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना तथा समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ हमारी परंपराओं को भी जीवंत रखते हैं।

पहली बार आयोजित इस गंगा आरती को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!