उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

चमोली जिले में धूमधाम से मनाया गया कारगिल दिवस

चमोली, 26 जुलाई 2026 

कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर रविवार को जनपद चमोली में अमर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। जिला पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कारगिल के अमर वीरों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के परिजनों, वीर नारियों तथा पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर राष्ट्र की ओर से उनके अतुलनीय योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कारगिल शहीद राइफलमैन सतीश चंद्र सती के पिता महिषानंद सती रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, वीर नारियां तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि कारगिल के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की अखंडता, संप्रभुता और सम्मान की रक्षा की। उनका त्याग और शौर्य आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने वीर नारियों के धैर्य, साहस और त्याग को भी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर राष्ट्र की ओर से उनके अद्वितीय त्याग और बलिदान को नमन किया गया। इनमें शहीद नायक कृपाल सिंह के पुत्र अमित रावत, शहीद राइफलमैन सतीश चंद्र सती के पिता महिषानंद सती, शहीद सिपाही हिम्मत सिंह के भाई अव्वल सिंह, शहीद नायक आनंद सिंह के भाई खुशाल सिंह, शहीद नायक दिलबर सिंह के भतीजे रोहित सिंह तथा शहीद अमित नेगी के चाचा बलवंत सिंह सहित अन्य परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस दौरान कारगिल युद्ध में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित पूर्व सैनिकों में हवलदार महेंद्र सिंह राणा, सूबेदार भरत सिंह नेगी, हवलदार अवतार सिंह रावत, ऑनरेरी नायब सूबेदार सोहन सिंह रावत, हवलदार बृजपाल सिंह कुंवर तथा ऑनरेरी कैप्टन दर्शन सिंह बिष्ट सहित अन्य पूर्व सैनिक शामिल रहे।

कार्यक्रम में अन्य सैन्य अभियानों में शहीद हुए जवानों के परिजनों एवं वीर नारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें श्रीमती शांति राणा, श्री गोविंद राम पुरोहित, श्रीमती कुसुम सती, श्रीमती कमला बिष्ट, श्रीमती शकुंतला देवी तथा श्रीमती उखा देवी सहित अन्य परिजनों को सम्मानित कर उनके त्याग और धैर्य को नमन किया गया।

सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कलम सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय सेना के अदम्य शौर्य तथा विजय गाथा की विस्तृत जानकारी साझा की।

सम्मान समारोह के पश्चात कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, देशभक्ति समूह नृत्य एवं कारगिल शौर्य गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपेश्वर तथा राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की विशेष सराहना की गई।

खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर के पिंक हॉस्टल की टीम विजेता तथा रेड हॉस्टल की टीम उपविजेता रही। इसके अलावा राज्य स्तरीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों तथा प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग देने वाले अधिकारियों एवं निर्णायकों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कारगिल विजय दिवस पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के शौर्य, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेकर देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार, जिला सैनिक परिषद उपाध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह, ऑनरेरी कैप्टन दर्शन सिंह बिष्ट, एनसीसी कमान अधिकारी कर्नल राजेश रावत, अर्धसैनिक बलों के अधिकारी, वीर नारियां, पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!