
चमोली
रिपोर्ट संदीप कुमार
चमोली जनपद के कर्णप्रयाग नगर के लिए राहत भरी खबर है। कर्णप्रयाग और सिमली में प्रस्तावित पार्किंग परियोजनाओं को आवास विभाग की विस्तृत वित्तीय समिति यानी डीएफसी की बैठक में समीक्षा के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इन परियोजनाओं से नगर में जाम की समस्या कम होने के साथ ही व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आवास विभाग के सचिव आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित डीएफसी बैठक में कर्णप्रयाग और सिमली पार्किंग परियोजनाओं के वित्तीय एवं तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए।
कर्णप्रयाग पार्किंग परियोजना की अनुमानित लागत 3 करोड़ 74 लाख रुपये है। इस परियोजना के तहत 22 चारपहिया वाहनों की पार्किंग के साथ एक आधुनिक कॉमर्शियल हॉल का निर्माण किया जाएगा। वहीं सिमली पार्किंग परियोजना पर लगभग 3 करोड़ 99 लाख रुपये खर्च होंगे, जिसमें 30 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
नगर पालिका कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह ने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुख्य बाजार में लगने वाले जाम से राहत मिलने, यातायात व्यवस्था सुगम होने और स्थानीय व्यापार तथा पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। कर्णप्रयाग को आधुनिक, सुव्यवस्थित और आदर्श नगर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया ।





