उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

विरही गंगा सहकारिता ने शेयरधारकों को बांटा 1.79 लाख का लाभांश

चमोली, 09 अगस्त 2026

दशोली विकासखंड में रीप चमोली एवं आजीविका मिशन के माध्यम से गठित विरही गंगा स्वायत्त सहकारिता की वार्षिक आम सभा 2025-26 का आयोजन विकासखंड सभागार दशोली में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

आम सभा में सहकारिता की कार्यकारिणी का पुनर्गठन करते हुए शकुंतला देवी को अध्यक्ष, अर्चना देवी को कोषाध्यक्ष और कुसुम देवी को सचिव पद पर सर्वसम्मति से चुना गया। इसके साथ ही बोर्ड एवं कार्यकारिणी सदस्यों का भी चयन किया गया।

कार्यक्रम में रीप ग्रामोत्थान परियोजना के तहत व्यक्तिगत उद्यमों के लिए चयनित लाभार्थियों को 1 लाख 86 हजार रुपये की राशि वितरित की गई। वहीं सहकारिता के शेयरधारकों को 1 लाख 79 हजार 358 रुपये का लाभांश वितरित किया गया। लाभांश मिलने पर शेयरधारकों में उत्साह देखने को मिला।

मुख्य अतिथि ग्रामोत्थान परियोजना रीप के जिला परियोजना प्रबंधक शशिकांत यादव और खंड विकास अधिकारी दशोली ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए सदस्यों से विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। इस दौरान अधिकारियों ने आजीविका संवर्धन, उद्यम विकास और सहकारिता को मजबूत बनाने के संबंध में जानकारी दी।

बिजनेस प्रमोटर अमित सिंह ने क्लस्टर की आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक महिला सदस्यों और शेयरधारकों को स्थायी आजीविका के अवसरों से जोड़ने तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व अध्यक्ष रामेश्वरी देवी और नवनिर्वाचित अध्यक्ष शकुंतला देवी ने सभी उपस्थित अधिकारियों, पदाधिकारियों, शेयरधारकों और संकुल स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!