उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

तमकनाला में बेली ब्रिज बहने के बाद सीएम ने की स्थिति की समीक्षा

आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और कनेक्टिविटी बहाली में तेजी के निर्देश

चमोली, 11 अगस्त 2026

ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और मंडलायुक्त गढ़वाल से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति तथा सड़क संपर्क बहाल करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों और अन्य उपलब्ध माध्यमों से ग्रामीणों तक जरूरी सामग्री पहुंचाई जाए।

उन्होंने ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति और नुकसान का आकलन करने को कहा गया है, ताकि राहत और पुनर्व्यवस्था के कार्यों में देरी न हो।

मौसम में बदलाव और नदी-नालों में बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निचले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के साथ आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की पूरी तैयारी रखी जाए।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से भी चमोली समेत प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

गौरतलब है कि तमकनाला में अचानक अत्यधिक जलप्रवाह बढ़ने से बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव की चपेट में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना भी मिली थी। घटना के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति, वैकल्पिक कनेक्टिविटी और आवाजाही की जल्द बहाली के साथ प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!