उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

भगवान नारायण का ₹5 लाख का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मुकुट व नकदी बरामद

चमोली, 30 जुलाई 2026

बद्रीनाथ धाम स्थित एक आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का करीब पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी करने के मामले में चमोली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, ₹4,500 की नकदी और घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल के ब्रह्मचारी भगवत दास ने थाना बद्रीनाथ में तहरीर देकर बताया था कि आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए ठहरे साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात भगवान नारायण का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी कर ली। मामले में थाना बद्रीनाथ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू की। 29 जुलाई को विवेचक एएसआई भूपेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट, हनुमानचट्टी रोड के पास घेराबंदी कर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57), निवासी ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का मुकुट और वहां ठहरे एक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर मुकुट समेत अन्य सामान बरामद किया गया। बरामदगी के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!