
चमोली, 14 नवंबर 2026
रिपोर्ट: संदीप कुमार
चमोली जिले के जिला मुख्यालय गोपेश्वर से सटे गंगोलगांव में दस साल बाद एक बार फिर पांडव लीला की धूम शुरू हो गई है। शनिवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ पांडव लीला का शुभारंभ हुआ। ढोल-दमाऊं की गूंज और पांडवों के जयघोष से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा है। इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में पांडव लीला का विशेष स्थान है। गंगोलगांव में दस साल के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रही इस पारंपरिक लीला में महाभारत की गाथाएं लोक परंपराओं के माध्यम से जीवंत होंगी।
गांव की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की मंगलकामना के लिए आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं। ढोल-दमाऊं की थाप पर पांडव पश्वाओं का अवतरण और पारंपरिक नृत्य इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।

पांडव लीला में अर्जुन की भूमिका यशवंत सिंह राणा, नागार्जुन की सतेंद्र सिंह रावत, युधिष्ठिर की जयसिंह रावत, सहदेव की प्रमोद सनवाल, नकुल की मनोज रावत और भीम की भजन सिंह राणा निभा रहे हैं। वहीं नंदीमौण की भूमिका सतेंद्र सिंह, तिलविल की शंकर सिंह, बर्बरीक की चंद्र सिंह रावत और हनुमान की भूमिका अमित बिष्ट निभाएंगे। जगरोई की जिम्मेदारी किशन सिंह बिष्ट और भान की भूमिका दिनेश एवं महेंद्र निभा रहे हैं।
आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों ने समिति का गठन भी किया है। जिसमें प्रेम सिंह को अध्यक्ष, हरीश रावत को उपाध्यक्ष, अनिल रावत को कोषाध्यक्ष और जयप्रकाश पुरी को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि पांडव लीला महज धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी एकता, भाईचारे और पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को संजोने का माध्यम है। दस साल बाद हो रहे इस आयोजन से नई पीढ़ी को भी अपनी लोक परंपराओं और रीति-रिवाजों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।




