
गौचर (चमोली)14 नवंबर 2026
गौचर के ऐतिहासिक खेल मैदान में आयोजित होने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार सुबह मेले का विधिवत उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और उद्घाटन समारोह को लेकर जिला प्रशासन एवं मेला समिति व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
सात दिनों तक चलने वाले इस मेले में औद्योगिक विकास, स्थानीय व्यापार और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। मेले में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मेले के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए मेला समिति और जिला प्रशासन लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाले उद्घाटन समारोह पर टिकी हैं। यह मेला न केवल क्षेत्र की व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को व्यापक मंच भी प्रदान करेगा।




