
गौचर। 14 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का विधिवत शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि कभी भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा गौचर आज स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, कुटीर उद्योगों और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर प्रदान करता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने चमोली के स्थानीय उत्पादों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां का ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां देश-दुनिया के बाजारों तक पहुंचें, इसके लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश की मातृशक्ति के परिश्रम और आर्थिक आत्मनिर्भरता की बड़ी उपलब्धि बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मांगों पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया। सिमली अस्पताल से जुड़े विवाद एवं मांगों के समाधान के लिए उन्होंने शीघ्र कमेटी गठित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कमेटी सभी संबंधित पक्षों को सुनकर विषय का समाधान तलाशेगी। वहीं, गौचर में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क, रेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। चारधाम सड़क परियोजना के तहत बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर बनाया जा रहा है, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। इससे क्षेत्र में पर्यटन, कनेक्टिविटी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा 4.59 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए ग्राम बमोथ निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, देहरादून के बिनसर पब्लिकेशन के वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने सभी क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, रामचन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी, पत्रकार और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




