
पीपलकोटी (चमोली), 17 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखंड की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि योजना की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पहली किस्त दिसंबर माह में जारी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। वहीं, नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है। स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, नशामुक्ति, मधुमक्खी पालन, कृषि, प्राकृतिक खेती और बांस उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मान मिला। खेल, शिक्षा और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लखपति दीदी बनी महिलाओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले को 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की लागत से 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण, बम्बूधार से मल्ला नौरी तक मोटर मार्ग, घुड़साल-सैकोट मोटर मार्ग, गोपेश्वर-देवरखडोरा-घिंघराण मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण तथा पीपलकोटी-मठ-मठेड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
लोकार्पित योजनाओं में गौचर और उर्गम में बीपीएचयू भवन, आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के भवन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही भी मथा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।




