उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

स्मार्ट मीटर को लेकर गोपेश्वर में बढ़ा विरोध, जनसंवाद में लोगों ने दर्ज कराई आपत्तियां

चमोली, 09 अगस्त 2026

जिला मुख्यालय गोपेश्वर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। रविवार को रामलीला मैदान में विद्युत विभाग की ओर से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नगरवासियों के साथ व्यापार संघ, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, नगर पालिका के पार्षद और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

जनसंवाद के दौरान नगरवासियों ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विभाग के समक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। लोगों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए विभागीय कर्मचारियों और ठेकेदारों की ओर से दबाव बनाया जा रहा है। नगरवासियों का कहना था कि यदि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सहमति से लगाए जाने हैं तो फिलहाल गोपेश्वर के लोग इसके पक्ष में नहीं हैं।

व्यापार संघ अध्यक्ष विनोद जोशी और पूर्व पार्षद नवल भट्ट , योगेंद्र बिष्ट, शांति प्रसाद, ऊषा रावत सहित तमाम लोगों  ने विभाग से स्मार्ट मीटर से संबंधित नियमों, कार्यप्रणाली और अन्य जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान किए बिना स्मार्ट मीटर लगाने में जल्दबाजी नहीं की जानी चाहिए। नगरवासियों ने सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर विरोध की चेतावनी भी दी।

वहीं, विद्युत विभाग के अधिकारियों ने लोगों की आपत्तियां और सवाल सुने। अधिशासी अभियंता राहुल चंदना ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच मौजूद भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मीटर लगाने से पहले उपभोक्ता की सहमति ली जाएगी और किसी तरह की जोर-जबरदस्ती नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान करना विभाग की प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!