
गोपेश्वर, 11 अगस्त 2026
फायर स्टेशन गोपेश्वर के पास जीरो बैंड क्षेत्र में स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरने से दो युवक घायल हो गए। हादसा शाम करीब छह बजे हुआ। दुर्घटना में स्कूटी सवार सोनू कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी कर्णप्रयाग और मनीष कुमार पुत्र श्रीचंद, निवासी बिजनौर घायल हो गए।
दोनों युवकों के सिर, नाक, पैर और घुटनों में चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही फायर स्टेशन गोपेश्वर के कर्मियों ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और तत्काल राजकीय जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाकर भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के बाद दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
फायर यूनिट कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और बेहतर रिस्पांस टाइम की स्थानीय लोगों ने खुले मन से प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि दुर्घटना के समय फायर कर्मियों द्वारा समय पर सहायता उपलब्ध कराना सराहनीय है।
घटना के दौरान राहत कार्य में शामिल फायर यूनिट टीम में चालक रंजीत लाल, फायरमैन लोकपाल सिंह टाकुली और फायरमैन पवन सिंह रावत शामिल रहे।




