
चमोली।
क्षेत्र पंचायत जिला कार्यकारिणी ने क्षेत्र पंचायतों के लिए पर्याप्त विकास निधि उपलब्ध कराने और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग की है। कार्यकारिणी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर छह सूत्रीय मांगें रखीं।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं संतुलित विकास में क्षेत्र पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है। क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने क्षेत्रों की जनता से सीधे जुड़े रहते हैं और सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य करते हैं।

कार्यकारिणी ने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध विकास निधि सीमित होने के कारण कई आवश्यक विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे नहीं हो पा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के चलते छोटी विकास योजनाओं में भी अधिक धनराशि की आवश्यकता होती है।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र पंचायतों के लिए पृथक एवं पर्याप्त विकास निधि की व्यवस्था करने, राज्य वित्त सहित अन्य वित्तीय मदों से मिलने वाली धनराशि में वृद्धि करने तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों के वर्तमान मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोतरी करने की मांग की गई। इसके अलावा सदस्यों को अपने निर्वाचन क्षेत्रों की प्राथमिक आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों के प्रस्ताव और स्वीकृति में अधिक प्रभावी अधिकार देने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान क्षेत्र पंचायत के जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा सिंह बिष्ट , नंदकिशोर थपलियाल, धीरेन्द्र सिंह,हरि सिंह, राजेंद्र सिंह, अर्चना देवी, अनिशा देवी, देवेश्वरी देवी, रुकमा देवी, ऋतु बिष्ट समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।




