उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

पीआईबी देहरादून की ओर से गोपेश्वर में आयोजित हुई क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’

चमोली, 20 अगस्त 2026 

पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में गुरुवार को जिला पंचायत सभागार, गोपेश्वर में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासपरक पहलों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों तक पहुंचाने के साथ ही इन योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका पर सार्थक संवाद स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में तथा नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकता है, जब उनकी सही और उपयोगी जानकारी समय पर आमजन तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस दिशा में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय मीडिया अपनी व्यापक पहुंच के माध्यम से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, ई-20 पहल एवं हरित ईंधन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, नशा मुक्त भारत अभियान, जीआई टैगिंग तथा ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

विषय विशेषज्ञों ने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया एवं क्रियान्वयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करने के साथ ही पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों, जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का भी समाधान किया। पत्रकारों ने योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने तथा प्रचार-प्रसार से जुड़े विभिन्न प्रश्न उठाए, जिनका विषय विशेषज्ञों ने तथ्यपरक एवं विस्तृत जानकारी देकर निराकरण किया। इससे पत्रकारों को योजनाओं की बेहतर समझ विकसित करने और उनके बारे में आमजन तक सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने में मदद मिली।

विषय विशेषज्ञों ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी व्यापक स्तर तक पहुंच सकता है, जब पात्र लाभार्थियों को इनकी सही, सरल एवं तथ्यपरक जानकारी समय पर मिले। इस दिशा में मीडिया प्रशासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य कर सकता है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहकर ब्लॉक एवं ग्राम स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। योजनाओं की सही जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं को भी प्रशासन के संज्ञान में लाकर बेहतर जनसंवाद स्थापित किया जा सकता है।

कार्यशाला में ‘जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रसार में मीडिया की भूमिका’ विषय पर विशेष संवाद आयोजित किया गया। इसमें पत्रकारों ने योजनाओं के प्रचार-प्रसार, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक सूचनाओं की पहुंच, जनजागरूकता तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने से जुड़े अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए।

कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल, प्रेस क्लब चमोली के संरक्षक क्रांति भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विषय विशेषज्ञ तथा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!