उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

एनकॉर्ड बैठक: अवैध भांग की खेती और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

चमोली, 30 जुलाई 2026

जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सभागार गोपेश्वर में एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नशा उन्मूलन, अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई किए जाने पर विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने राजस्व एवं वन क्षेत्रों में अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती के चिन्हीकरण एवं विनष्टीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि जनपद को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी परिणाम प्राप्त हो सकें।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में पटवारियों के माध्यम से नियमित पड़ताल कराई जाए तथा अवैध भांग की खेती मिलने पर तत्काल उसे नष्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी उच्च एवं माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने विद्यालयों में गठित एंटी ड्रग कमेटियों को सक्रिय रूप से संचालित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थियों की काउंसिलिंग कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही नशा तस्करों एवं पेडलरों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को ग्वालदम नशा मुक्ति केंद्र का शीघ्र संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जनपद में एक राजकीय नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक प्रस्ताव एवं कार्रवाई प्रारंभ करने को भी कहा।

उन्होंने औषधि निरीक्षक को जनपद के सभी मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रतिबंधित एवं अवैध दवाओं की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!