उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

मुख्यमंत्री के निर्देशन में टीएचडीसी टनल में रेस्क्यू अभियान जारी, आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने लिया जायजा

चमोली, 15 अगस्त 2026 

मुख्यमंत्री शl पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल, हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू एवं राहत अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री, उत्तराखंड सरकार श्री मदन कौशिक ने शनिवार को घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने टनल के भीतर चल रहे बचाव कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों एवं अधिकारियों से अभियान की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

मंत्री श्री मदन कौशिक ने रेस्क्यू अभियान में जुटी टीमों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा उपलब्ध सभी संसाधनों और मशीनरी का समन्वित एवं प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक की जान बेहद कीमती है और सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शनिवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान श्रमिक देवनाथ पुत्र धनसुराम को टनल से बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के बाद चिकित्सकों द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें उन्हें मृत घोषित किया गया। इस घटना के बाद अब तक कुल 22 श्रमिकों में से 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 8 श्रमिकों की दुखद मृत्यु हो चुकी है। वहीं 2 श्रमिकों की खोजबीन एवं सुरक्षित रेस्क्यू के प्रयास लगातार जारी हैं।

मंत्री ने टनल के भीतर जल निकासी, रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति, उपलब्ध मशीनरी एवं तकनीकी संसाधनों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने जल निकासी कार्य में तेजी लाने तथा टनल के भीतर रेस्क्यू टीमों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी उपलब्ध संसाधनों और मशीनरी का बेहतर समन्वय करते हुए रेस्क्यू अभियान को और तेज एवं प्रभावी बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रमिकों के परिजनों को समय-समय पर सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।

मंत्री श्री कौशिक ने रेस्क्यू टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद सभी टीमें पूरी तत्परता और समर्पण के साथ अभियान में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि शेष दो श्रमिकों की खोज एवं सुरक्षित रेस्क्यू के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी एवं रेस्क्यू टीमों के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!