
चमोली, 16 जुलाई 2025
विकास खण्ड पोखरी, जनपद चमोली के बहुद्देश्यीय साधन सहकारी समिति लिमिटेड के अंतर्गत संचालित ग्रामीण बचत केंद्र मसौली में वर्ष 2017 से वर्ष 2023 के मध्य हुई भारी वित्तीय अनियमितता और गबन का खुलासा हुआ है। गवन के आरोपियों को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया। एसपी चमोली सर्वेश पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह डेढ़ करोड़ का गबन है। ग़बन में शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी चमोली ने बताया कि13जनवरी 2025 को श्री राजन कुमार, सहायक विकास अधिकारी विकास खण्ड पोखरी द्वारा थाना पोखरी में एक लिखित तहरीर दी गई, जिसमें सेवानिवृत्त सचिव श्री मोहनलाल एवं आंकिक श्री अमित सिंह नेगी पर ₹76,48,559 के गबन और वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया। तहरीर के साथ श्री सतबीर सिंह पंवार एवं श्री कपिल कुमार (अपर जिला सहकारी अधिकारीगण) की अध्यक्षता में सम्पन्न विभागीय जांच रिपोर्ट को भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किया गया। इसके आधार पर थाना पोखरी में धारा 406/408 भादवि के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
गठित टीम के जांच उपरांत पाया गया कि ग्रामीण बचत केंद्र मसौली के कुल 962 खातों में से 162 खातों में फर्जी निकासी, जाली दस्तावेज एवं हस्ताक्षर के माध्यम से धनराशि निकालने के प्रमाण मिले। इसके साथ हीकई फॉर्मों पर एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर कई खातों में पाए गए, जिससे यह प्रमाणित होता है कि अभियुक्तों ने कई ग्रामीणों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की।
वित्तीय रिकॉर्ड के मिलान में पाया गया कि लेखा सहायक अमित सिंह नेगी द्वारा ₹1,15,20,000 की निकासी की गई, जबकि कोई भी राशि बैंक में जमा नहीं की गई। वहीं, पूर्व सचिव मोहनलाल द्वारा ₹12,50,000 की राशि निकाली गई, जो उनकी अधिकृत सीमा से बाहर थी।




