उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़

जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय के वीसी कक्ष में जिला प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक हुई आयोजित

चमोली, 30 दिसंबर 2025

जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय के वीसी कक्ष में जिला प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, बैठक में दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड समयबद्ध रूप से बनाए जाएं, उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं तथा पेंशन, प्रमाण पत्र एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने दिव्यांगजनों के कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण एवं समुचित चिकित्सीय सेवाओं को प्राथमिकता देने तथा विभागों के आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र डीडीआरसी के काउंसलर अरविंद बिष्ट ने जानकारी दी कि अप्रैल 2025 से अब तक 23 शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया है। जनपद में 5996 दिव्यांगजनों ने यूडीआईडी कार्ड हेतु आवेदन किया, जिनमें से 5648 कार्ड उनके पते पर भेजे जा चुके हैं। इस अवधि में 139 दिव्यांगजनों को नई पेंशन आवेदन में सहयोग दिया गया, 107 को कृत्रिम सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए तथा 317 नए दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए हैं।उन्होंने बताया कि दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा दिव्यांगजनों के लिए रात्रि विश्राम गृह, स्वरोजगार हेतु ऋण सुविधा, जन-जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सीय सेवाएं एवं दिव्यांग मतदाताओं का सत्यापन जैसे कार्य भी नियमित रूप से किए जा रहे हैं।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, जिला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बृजमोहन नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!