
चमोली, 4 नवंबर 2026
रिपोर्ट: संदीप कुमार
उत्तराखंड में कांग्रेस के भूमि बचाओ अभियान को लेकर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी से राज्यमंत्री हरक सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस गोपेश्वर में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में हुए भूमि आवंटन और विवादित फैसलों पर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने नैनीसार से लेकर सिडकुल तक के पुराने मामलों का हवाला देते हुए कांग्रेस से अपने शासनकाल का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही भाजपा ने कांग्रेस के अभियान को राजनीतिक दिखावा करार दिया है।
भाजपा ने कांग्रेस के भूमि बचाओ अभियान के जवाब में 20 बिंदुओं का दस्तावेज जारी कर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों को घेरा है। भाजपा ने नैनीसार भूमि प्रकरण, धौलास विवाद, टाटा मोटर्स-सिडकुल भूमि आवंटन और सिडकुल में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस से जवाब मांगा है।
भाजपा का आरोप है कि हरीश रावत सरकार के कार्यकाल में नैनीसार में 7.061 हेक्टेयर पंचायत भूमि महज 1200 रुपये सालाना किराये पर 30 साल की लीज पर आवंटित की गई थी। वहीं धौलास भूमि विवाद का जिक्र करते हुए पार्टी ने करीब 20 एकड़ जमीन के आवंटन और बाद में छोटे भूखंडों में बेचे जाने के मामले पर भी सवाल उठाए हैं।
इसके अलावा भाजपा ने वर्ष 2006 में पंतनगर में टाटा मोटर्स को 975 एकड़ से अधिक भूमि आवंटित किए जाने और सिडकुल में 500 करोड़ रुपये से अधिक की कथित वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा उठाया है।
भाजपा ने दावा किया कि धामी सरकार अब तक करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त करा चुकी है। वहीं कांग्रेस के 7 हजार बीघा जमीन बेचने के आरोपों को भ्रामक बताते हुए पार्टी ने कहा कि इस संबंध में अभी किसी बोली को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
निवेश और रोजगार के मुद्दे पर भी भाजपा ने कांग्रेस को घेरा है। पार्टी का कहना है कि औद्योगिक और पर्यटन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के साथ होटल कारोबारियों, टैक्सी संचालकों, दुकानदारों और अन्य व्यवसायियों को रोजगार मिलता है।
भाजपा ने वर्ष 2025 के पर्यटन आंकड़ों का हवाला देते हुए प्रदेश में 6 करोड़ से अधिक पर्यटकों के पहुंचने की बात कही। साथ ही कांग्रेस पर दूसरे राज्यों में निवेश का समर्थन और उत्तराखंड में विकास परियोजनाओं का विरोध करने का आरोप लगाया।
इस अवसर पर बीजेपी के जिला मंत्री विनोद कनवासी, महेंद्र सिंह राणा, गोविंद सिंह, विपिन कंडारी,बद्री रावत , गजेंद्र असवाल, यशप्रताप सिंह सहित तमाम लोग मौजूद थे ।




