उत्तराखंडचमोलीटॉप न्यूज़
Trending

भाजपा की असली ताकत सत्ता नहीं, संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता : रघुवीर सिंह बिष्ट

चमोली , 5 नवम्बर 2026

रिपोर्ट: संदीप कुमार

भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत सत्ता नहीं, बल्कि वे समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में संगठन की नींव रखी। यह कहना है भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट का। इन दिनों बिष्ट बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचकर पार्टी के संस्थापक सदस्यों और पुराने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान वे उनके साथ संगठन के शुरुआती संघर्षों और पुरानी यादों को साझा करने के साथ उनके सुख-दुख में भी सहभागी बन रहे हैं।

जोशीमठ और आसपास के गांवों में चल रहे इस संपर्क अभियान के तहत रघुवीर सिंह बिष्ट वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर उनका हालचाल जान रहे हैं। साथ ही संगठन की वर्तमान स्थिति और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं। बिष्ट का कहना है कि वर्ष 1980 में भाजपा की स्थापना के समय राजनीतिक परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं। कांग्रेस के व्यापक प्रभाव के बीच भाजपा की विचारधारा से जुड़ने वाले कार्यकर्ताओं का उपहास उड़ाया जाता था, लेकिन कार्यकर्ताओं ने हार नहीं मानी और गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने का काम किया।

रघुवीर सिंह बिष्ट के मुताबिक, आज भाजपा जिस मुकाम पर पहुंची है, उसके पीछे हजारों कार्यकर्ताओं का त्याग, तपस्या और संघर्ष है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभवों और समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए। संगठन केवल चुनाव और सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि विचारधारा, सेवा और समर्पण की यात्रा है। पुराने कार्यकर्ताओं को केवल चुनाव के समय याद करने के बजाय हमेशा उनके सुख-दुख में साथ खड़ा होना चाहिए।

इस दौरान बिष्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पद और सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन संगठन के प्रति निष्ठा हमेशा कायम रहती है। पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान और उनके अनुभवों को आगे बढ़ाना ही संगठन की मजबूती का आधार है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!